NH-45 पर दर्दनाक हादसा: 5 की मौत, प्रशासन की तत्परता से मिला त्वरित राहत पैकेज

0 210

 

कलेक्टर-SP मौके पर पहुंचे, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख मुआवजा, घायल का इलाज जारी

डिंडोरी | जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव

डिंडोरी जिले के बजाग तहसील अंतर्गत गाड़ासरई थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शनिवार देर रात करीब 1 बजे किकरा तालाब गांव के पास हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परसवाह ग्राम के कुछ लोग एक कार्यक्रम से लौटते समय अपने पिकअप वाहन का टायर बदल रहे थे। इसी दौरान अमरकंटक रोड की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्राला (क्रमांक MP 19 ZO 9351) ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में पवन कुमार मरावी (32), विशाल सिंह धुर्वे (58), राजकरण बनवासी (30), बिहारी सिंह उद्दे (31) और पवन सिंह उद्दे (52) की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहिनी सिंह सहित प्रशासनिक व पुलिस अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

घायल उदय प्रताप सिंह (20) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जिला प्रशासन ने त्वरित राहत देते हुए मृतकों के परिजनों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 50-50 हजार रुपये की तत्काल सहायता प्रदान की। साथ ही संबल योजना के तहत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। अंतिम संस्कार की व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई।

पुलिस ने ट्राला चालक को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन खड़ा करते समय विशेष सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

मौके पर उपस्थित अधिकारी:

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहिनी सिंह, एसडीएम बजाग श्री अक्षय डिगरसे, जनसंपर्क अधिकारी श्री चेतराम अहिरवार, एसडीओपी डिंडोरी श्री सतीश द्विवेदी, एसडीओपी बजाग श्री विवेक गौतम, तहसीलदार श्री भरत बट्टे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment