अवैध खनन पर प्रशासन सख्त: संयुक्त कार्रवाई में कई वाहन जब्त

सीधी, 10 अप्रैल 2026
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सघन अभियान चलाया। जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में 9 और 10 अप्रैल को गोपदबनास, मझौली, मड़वास एवं चुरहट तहसील क्षेत्रों में दिन-रात कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान ग्राम कुरवाह (तहसील गोपदबनास) में शिकायत की जांच में हाइवा क्रमांक MP53HA2238 मुरूम के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाया गया। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर वाहन को जब्त कर थाना कोतवाली सीधी में सुपुर्द किया गया।
इसी तरह ग्राम निधिपुरी (तहसील मड़वास) स्थित गोपद नदी घाट से बिना नंबर के स्वराज ट्रैक्टर (चेसिस क्रमांक MBNAK49ADMTH41575) को अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जिसे थाना मड़वास में जमा कराया गया।
मझौली क्षेत्र में कोयले के अवैध परिवहन में संलिप्त दो वाहन (UP66T7207 एवं UP66T5610) को जब्त कर थाना मझौली में खड़ा कराया गया। वहीं चुरहट तहसील के ग्राम चिलरी में अवैध रेत परिवहन करते पाए गए ट्रैक्टर MP53ZD3708 एवं हाइवा MP53HA2065 को जब्त कर थाना कमर्जी में रखा गया है।
सभी मामलों में संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। बिना नंबर वाहनों के मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई हेतु जिला परिवहन अधिकारी को भी पत्र भेजा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के विरुद्ध सतत निगरानी जारी रहेगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।