नगर निगम में भ्रष्टाचार और किसानों की समस्याओं पर कांग्रेस का हमला, 10 अप्रैल को घेराव का ऐलान

0 184

सिंगरौली। नगर निगम की अनियमितताओं और किसानों की गंभीर समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।

शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि नगर निगम सिंगरौली पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूब चुका है। शहर की सड़कों की हालत जर्जर है, सरकारी प्लॉटों का अनैतिक आवंटन किया जा रहा है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कंपनियां और संविदाकार केवल बिल निकालने में लगे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर शहर के अधिकांश हिस्सों में कूड़ा-कचरा फैला हुआ है और कचरा वाहन नियमित नहीं पहुंच रहे हैं।

उन्होंने D2 आवास पर अवैध कब्जा न हटाए जाने और अवैध शराब दुकानों के संचालन जैसे मुद्दों को उठाते हुए नगर प्रशासन को पूरी तरह विफल बताया।

प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए चौहान ने कहा कि गेहूं उपार्जन को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। बार-बार तिथि बढ़ाई जा रही है, लेकिन खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू नहीं हो पाई है। इसके चलते आर्थिक संकट से जूझ रहे किसान अपनी फसल औने-पौने दामों में बेचने को मजबूर हैं और बैंक ऋण न चुका पाने की स्थिति में डिफॉल्टर बनते जा रहे हैं।

इसके अलावा उन्होंने स्मार्ट मीटर की तेज रीडिंग को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि इससे आम जनता पर बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है, जबकि सरकार इस मुद्दे पर उदासीन बनी हुई है।

कांग्रेस ने इन सभी मुद्दों को लेकर 10 अप्रैल 2026 को नगर निगम कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से ज्ञानेंद्र द्विवेदी, रामअशोक शर्मा, विजय सिंह, सुरेश दुबे, नरेंद्र चंद्र सिंह, अनिल सिंह, राघवेंद्र श्रीवास्तव, पंकज पाण्डेय और सुदामा कुशवाहा उपस्थित रहे।

इस संबंध में जानकारी जिला आईटी सेल अध्यक्ष विवेक सिंह बघेल द्वारा दी गई।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment