सीधी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 443 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद, अंतरराज्यीय नेटवर्क पर सीधी पुलिस का शिकंजा 

0 263

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत कोतवाली पुलिस की सख्त कार्रवाई, तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

सीधी | 02 अप्रैल 2026

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सीधी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत कोतवाली पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 अप्रैल 2026 की रात्रि में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय को मुखबिर से सूचना मिली कि उत्कृष्ट विद्यालय के पास एक व्यक्ति नशीली कफ सिरप बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आशीष सिंह उर्फ राजन गहरवार (उम्र 26 वर्ष, निवासी पड़रा) को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 28 शीशी कफ सिरप बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कमला कॉलेज के पीछे स्थित ठिकाने पर दबिश दी, जहां से 415 अतिरिक्त शीशी बरामद हुई। इस तरह कुल 443 शीशी अवैध ‘आनरेक्स’ कफ सिरप (अनुमानित कीमत ₹88,600) जब्त की गई। साथ ही आरोपी के पास से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 22 तथा म.प्र. ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी तथा इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव व अमन मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई।

एसपी का बयान:

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि केंद्र सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

टीम को मिलेगा पुरस्कार:

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय, उपनिरीक्षक राजमणि वर्मा, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र सिंह, जयराम सैनी, आरक्षक बालेन्द्र सिंह एवं चालक सुभाष सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।

जनता से अपील:

सीधी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की कोई भी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment