दीदियों की ताकत से बदलेगा सीधी का बाजार: गुणवत्ता, पैकेजिंग और ‘उपहार पैकेट’ पर कलेक्टर का फोकस”

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
सीधी जिले में आजीविका मिशन को अधिक प्रभावी और परिणाममुखी बनाने के लिए कलेक्टर श्री विकास मिश्रा की अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि मिशन का उद्देश्य केवल आय बढ़ाना नहीं, बल्कि स्थायी आजीविका के जरिए सामाजिक और आर्थिक बदलाव लाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि हर गतिविधि का सीधा लाभ ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में दिखाई देना चाहिए। साथ ही उत्पादों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि बेहतर गुणवत्ता ही बाजार में पहचान और मांग सुनिश्चित करती है।
बैठक में विपणन व्यवस्था को सशक्त बनाने पर विशेष फोकस रहा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि स्वयं सहायता समूहों को स्थानीय हाट-बाजारों के साथ-साथ बड़े बाजारों से भी जोड़ा जाए, ताकि उनके उत्पादों को व्यापक मंच मिल सके और उचित मूल्य प्राप्त हो। आकर्षक पैकेजिंग और बेहतर प्रस्तुतीकरण पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में उत्पादों की ब्रांडिंग बेहद जरूरी है। इसी दिशा में “सीधी उपहार पैकेट” जैसी पहल को आगे बढ़ाने का सुझाव दिया गया, जिसके तहत जिले के विभिन्न उत्पादों को एक ही पैकेट में पेश कर नई पहचान दी जाएगी।
महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास को मिशन की सफलता का आधार बताते हुए कलेक्टर ने कहा कि समूहों की महिलाओं को केवल उत्पादन तक सीमित न रखकर उन्हें प्रशिक्षक के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने ई-साक्षरता और वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, ताकि महिलाएं डिजिटल और बैंकिंग सेवाओं का बेहतर उपयोग कर सकें। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले समूहों को सम्मानित करने और ग्रामीण-शहरी मिशनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया, जिससे योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)