पंचायत कार्यालय पर लटका ताला, ग्रामीण परेशान — देवगांव में एक महीने से ठप पड़े काम

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिंडोरी। जिले के ग्राम पंचायत देवगांव में बीते लगभग एक माह से पंचायत कार्यालय में ताला लटका हुआ है, जिससे ग्रामीणों को शासकीय कार्यों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत सचिव की लगातार अनुपस्थिति के चलते आवश्यक सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत सचिव लंबे समय से कार्यालय नहीं आ रहे हैं। इसके कारण जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, आय एवं निवास प्रमाण पत्र के आवेदन, पेंशन से जुड़े कार्य सहित अन्य शासकीय योजनाओं की प्रक्रिया बाधित हो गई है। ग्रामीणों को बार-बार पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन हर बार बंद कार्यालय मिलने से उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत में ताला लगे रहने से कई महत्वपूर्ण कार्य लंबित पड़े हैं, जिससे आमजन को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने वाले परिवारों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पंचायत सचिव की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और बंद पड़े पंचायत कार्यालय को जल्द से जल्द खोला जाए, ताकि आम जनता के जरूरी कार्य समय पर पूरे हो सकें।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे।