आकांक्षी विकासखंड बजाग में जल क्रांति का शंखनाद

ग्राम पंचायत गन्नागुड़ा में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान 2026’ का भव्य शुभारंभ
रिपोर्टर-सोहन श्याम बजाग डिंडौरी
बजाग,डिंडौरी- मध्यप्रदेश शासन की मंशानुसार एवं जल स्रोतों के संरक्षण के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में आकांक्षी विकासखंड बजाग अंतर्गत ग्राम पंचायत गन्नागुड़ा में जल गंगा संवर्धन अभियान का गरिमामय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अभियान का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों का पुनरुद्धार एवं भविष्य की जल सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने जल संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। श्री पंकज तेकाम, ने ‘जी राम जी योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर श्री नरेंद्र राजपूत (सांसद प्रतिनिधि) एवं श्री संजय साहू ने जल गंगा संवर्धन अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत पुराने कुओं की सफाई, तालाबों का गहरीकरण एवं वर्षा जल संचयन जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए जल संरक्षण की शपथ ली। उपस्थित जनों में श्री महेश धूमकेती, श्री राजेंद्र दुबे, श्री सुशील यादव, श्री राजेश्वर साहू, श्रीमती हीरा रूद्रेश परस्ते , श्री केशव तिवारी, रेणुका श्याम एवं अंबेश्वरी परस्ते सहित अन्य नागरिक शामिल रहे।
एसडीएम बजाग श्री रामबाबू देवांगन के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा विकासखंड के प्रत्येक गांव में जल स्रोतों का चिन्हांकन कर उन्हें पुनर्जीवित करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। आगामी दिनों में विभिन्न ग्राम पंचायतों में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे मानसून पूर्व सभी जल संरचनाओं को सक्रिय एवं स्वच्छ किया जा सके और अधिकतम भू-जल पुनर्भरण सुनिश्चित हो।
ग्राम पंचायत गन्नागुड़ा में आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश देने में सफल रहा। अंत में आयोजकों द्वारा सभी उपस्थित जनों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया।