सीधी जिले के सिहावल में संयुक्त फ्लैग मार्च: होली-ईद पर शांति और सुरक्षा का भरोसा

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, सिहावल रिपोर्ट :शाहिद खान,
होली एवं ईद के पावन पर्वों के मद्देनज़र सिहावल क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त फ्लैग मार्च निकालकर शांति, सौहार्द और सुरक्षा का संदेश दिया। एसडीओपी चुरहट, थाना बहरी, अमिलिया एवं सिहावल पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रमुख मार्गों पर मार्च करते हुए आमजन से संवाद स्थापित किया और भाईचारे के साथ त्यौहार मनाने की अपील की।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व सिहावल की एसडीएम श्रीमती प्रिया पाठक के साथ संबंधित थाना प्रभारियों ने किया। पुलिस बल ने बाजार और संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को आश्वस्त किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। फ्लैग मार्च का उद्देश्य जहां आमजन में सुरक्षा का विश्वास जगाना है, वहीं असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना भी है। सिहावल पुलिस का संदेश साफ है—“त्योहार खुशियों के हों और वातावरण पूरी तरह शांतिपूर्ण रहे।”