सीधी शहर में अतिक्रमण और गलत रोड डायवर्जन से बढ़ी परेशानी

गोपालदास पुल से कलेक्ट्रेट रोड तक घुमाव बना जाम की वजह, सड़क सीधी करने की उठी मांग
सीधी।
शहर में अतिक्रमण और गलत रोड डायवर्जन के कारण आम नागरिकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मिनी स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत बनाई गई सड़क, जो गोपालदास पुल से होते हुए सुखा नाला और नई मिश्रा नर्सिंग होम के पास कलेक्ट्रेट रोड में मिलती है, इन दिनों अव्यवस्थित यातायात का कारण बन गई है।
सड़क में बनाए गए अनावश्यक घुमाव और डायवर्जन के चलते यहां आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। व्यस्त समय में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इस मार्ग को सीधा कर सुव्यवस्थित किया जाए, तो ट्रैफिक समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है और आवागमन सुगम बन सकता है।
समाजसेवी पुष्पराज मिश्रा ने कहा कि शहर में अतिक्रमण और गलत रोड डायवर्जन के कारण लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित क्षेत्र का सर्वे कर शीघ्र समाधान निकाला जाए, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर क्या कार्रवाई करता है और शहर की यातायात व्यवस्था को कब तक दुरुस्त किया जाता है।