पेड़ से भिड़ा तेज रफ्तार ट्रैक्टर, चालक महेंद्र मरावी की दर्दनाक मौत

— गाड़ासरई थाना क्षेत्र के ग्राम गिरवरपुर के पास हुआ हादसा
डिंडौरी। मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिरवरपुर के समीप की बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान महेंद्र मरावी (40 वर्ष), पिता मोलेराम मरावी, निवासी ग्राम गिरवरपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महेंद्र मरावी ट्रैक्टर लेकर किसी निजी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने तथा दुर्घटनास्थल पर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।