भाजपा मंत्रियों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन: सीधी जिले के सभी ब्लॉकों में पुतला दहन

0 493

सीधी। विभिन्न मुद्दों को लेकर सीधी जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। अमेरिकी ट्रेड डील के विरोध, सेना के कथित अपमान, भागीरथ पुरा में दूषित पानी की समस्या, छिंदवाड़ा कफ सिरप कांड तथा नेता प्रतिपक्ष पर अभद्र टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के मंत्रियों के खिलाफ जिले भर में पुतला दहन किया।

जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में सीधी शहर सहित जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विजय शाह और राजेन्द्र शुक्ला के पुतले जलाकर आक्रोश जताया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है और आम जनता मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। भागीरथ पुरा क्षेत्र में दूषित पानी की समस्या को लेकर सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया गया, वहीं छिंदवाड़ा कफ सिरप मामले को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सेना के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी अस्वीकार्य है और इस पर सरकार को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। साथ ही अमेरिकी ट्रेड डील को लेकर भी पार्टी ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों का विरोध जताया।

जिले के विभिन्न ब्लॉकों में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से पुतला दहन किया गया।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जनहित के मुद्दों पर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे और बड़े आंदोलन किए जाएंगे। यह प्रदर्शन जिले भर में एकजुटता के साथ आयोजित किया गया, जिससे कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment