सीधी में 2.68 करोड़ के रेडक्रॉस अस्पताल का भूमिपूजन, सांसद डॉ. राजेश मिश्र बोले—अब मिलेगा सस्ता इलाज और ब्लड बैंक की सुविधा!

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान,
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की सीधी शाखा द्वारा जिले के जमोड़ी सेगरान
में रेडक्रॉस हॉस्पिटल भवन निर्माण हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीधी के सांसद डॉ. राजेश मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है और प्रस्तावित अस्पताल आमजन को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. श्याम सिंह कुमरे ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी श्रीमती मंजू सिंह सेंगर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। वक्ताओं ने रेडक्रॉस की सेवाओं को मानवीय सरोकारों से जुड़ा बताते हुए इस पहल को जनकल्याण की दिशा में अहम कदम बताया।
जानकारी के अनुसार अस्पताल का निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) के माध्यम से कराया जाएगा। परियोजना की टेंडर राशि 227.29 लाख रुपये तथा प्रशासनिक स्वीकृति 268.20 लाख रुपये की है। निर्माण कार्य एनटीपीसी के सीएसआर मद से किया जा रहा है। अस्पताल में सस्ती चिकित्सा सुविधा, ब्लड बैंक की व्यवस्था तथा जरूरतमंदों के लिए कई विशेष सेवाओं में निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ बनाए जाए।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)