52 गांवों में लगे राजस्व शिविर, ग्रामीणों को मौके पर मिली राहत नामांतरण, सीमांकन, गिरदावरी सहित कई सेवाओं का त्वरित निराकरण

रिपोर्टर सोहन श्याम बजाग डिंडौरी
बजाग-डिंडौरी, अनुविभाग बजाग के करंजिया एवं बजाग तहसील के 52 गांवों में प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे राजस्व अभियान के दूसरे दिन राजस्व शिविर आयोजित किए गए। इस पहल से ग्रामीणों को उनके राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित समाधान गांव में ही उपलब्ध कराया जा रहा है।
यह अभियान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बजाग रामबाबू देवांगन के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। शिविरों में राजस्व विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान की गईं।
अभियान के दूसरे दिन कुल 28 अविवादित नामांतरण, 6 अविवादित बटवारे और 24 सीमांकन के प्रकरणों का निराकरण किया गया। इसके अलावा ₹4,820 की राजस्व वसूली की गई, 256 आरओआर ई-केवाईसी पूर्ण किए गए, 65 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री में पंजीयन किया गया तथा 1,570 गिरदावरी कार्य संपन्न किए गए।
ग्रामीणों ने गांव में ही त्वरित समाधान मिलने पर प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से समय और संसाधनों की बचत हो रही है तथा उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव हो रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। राजस्व शिविर सुशासन और जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहे हैं।