रामपुर नैकिन में हाथियों की दस्तक, गांवों में दहशत फसलों पर खतरा, वन विभाग हाई अलर्ट पर

0 1,604

प्राइड इंडिया न्यूज

सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बर्देला सहित आसपास के कई गांवों में जंगली हाथियों का मूवमेंट देखे जाने से ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है। वन विभाग के अनुसार क्षेत्र में दो से तीन हाथियों की मौजूदगी की आशंका है, जो खेतों की ओर रुख कर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

 

हाथियों की गतिविधियों की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला सक्रिय हो गया और लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।

वन विभाग की 13 सदस्यीय टीम स्थानीय वनकर्मियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों की लोकेशन ट्रैक करने में जुटी हुई है। चुरहट रेंज के रेंजर नवीन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है और वे स्वयं सर्चिंग ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर मोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि जन-धन की कोई हानि न हो।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के मूवमेंट को लेकर अफवाहों से बचें, लेकिन पूरी सतर्कता बरतें। विभाग ने कहा है कि हाथी अत्यंत तीव्र गति से चलते हैं, इसलिए कोई भी व्यक्ति उनके समीप जाने या उन्हें उकसाने का प्रयास न करे।

हाथियों की सूचना मिलते ही तुरंत वन विभाग को अवगत कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

एहतियात के तौर पर समीपवर्ती गांव घुंघुटा, खैरी, वेलकसरी, बरसजिहा एवं चंदरेह के निवासियों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

वन विभाग की टीम वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में क्षेत्र में सतत गश्त कर रही है और संभावित मार्गों पर नजर रखी जा रही है।

सोमवार शाम करीब 4 बजे से जारी सर्चिंग के दौरान रात 8 बजे ग्राम बर्देला में हाथी दिखाई देने की पुष्टि हुई, जिसके बाद टीम ने इलाके में निगरानी और तेज कर दी है।

प्रशासन और वन विभाग ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सामूहिक सतर्कता से किसी भी अनहोनी को टाला जा सकता है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment