ग्राम पंचायत सुनपुरी में पशु चिकित्सा एवं टीकाकरण शिविर संपन्न, 372 पशुओं का हुआ टीकाकरण

रिपोर्टर सोहन श्याम बजाग डिंडौरी
बजाग,डिंडौरी-आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार एवं एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत सुनपुरी में ‘संपूर्णता अभियान–2’ के तहत पशुपालन विभाग द्वारा पशु चिकित्सा एवं टीकाकरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर के दौरान कुल 372 पशुओं का एफ.एम.डी. (मुँहपका-खुरपका रोग) के विरुद्ध टीकाकरण किया गया। साथ ही पशु नस्ल सुधार को बढ़ावा देने हेतु 9 सांडों का सफल बधियाकरण भी किया गया।
शिविर में उपस्थित पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य, पोषण एवं वैज्ञानिक प्रबंधन के तरीकों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। खंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्णकांत मरावी एवं सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी श्री टी.एस. द्वारा पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य हेतु हरा चारा एवं मिनरल्स मिक्सचर के महत्व को समझाया गया। साथ ही मादा पशुओं में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए कृत्रिम गर्भाधान तकनीक अपनाने पर विशेष जोर दिया गया तथा मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु समय पर टीकाकरण कराने की सलाह दी गई।
इस अभियान को सफल बनाने में ए.वी.एफ.ओ. श्री तारा सिंह पट्टा एवं गौसेवक श्री मंगलेश्वर आयम की सक्रिय भूमिका रही। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय पशुपालकों ने भाग लेकर विभागीय योजनाओं का लाभ उठाया।