तेज रफ्तार बोलेरो ने बुजुर्ग महिला को कुचला, मौके पर मौत

मेढौली गांव में दर्दनाक हादसा, पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच

0 442

सीधी। जिले के सिहावल पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत मेढौली गांव में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में 66 वर्षीय महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मेढौली गांव निवासी सुलेखा बानो (66 वर्ष), पति बसीरुद्दीन, सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान अमिलिया थाना क्षेत्र से गुजर रही तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो वाहन अत्यधिक गति में था और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना में शामिल वाहन का पंजीयन क्रमांक एमपी 53 जेडए 6441 बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही सिहावल चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है।

चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment