Breaking News

10 रुपए के विवाद में चाकूबाजी, युवक गंभीर घायल, जिला अस्पताल में भर्ती कन्या कॉलेज के पास ठेले पर हुआ विवाद, दोनों पक्षों पर मामला दर्ज

0 319


सीधी।
शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्या महाविद्यालय के पास बुधवार दोपहर 10 रुपए के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन निवासी अंशू पाठक (19 वर्ष), पिता श्रीकांत पाठक, अपने साथियों के साथ कन्या कॉलेज के सामने स्थित ठेले पर चाउमीन खाने गया था। भुगतान के दौरान उसने गलती से 20 की जगह 30 रुपए फोन-पे के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। इसी बात को लेकर दुकानदार रवींद्र साहू, पिता गुलाब साहू, निवासी करवाही से विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दुकानदार ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरे पक्ष के भी घायल होने की सूचना है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की विवेचना जारी है।
कन्या कॉलेज के सामने अवैध ठेलों का कब्जा बना चिंता का विषय
शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी के सामने सड़क के दोनों ओर गोमती व ठेला व्यवसायियों का कब्जा लगातार बढ़ता जा रहा है। यहां सुबह से ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कॉलेज प्रबंधन द्वारा कई बार स्थानीय प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बुधवार को हुई चाकूबाजी की घटना के बाद छात्राओं में भय का माहौल देखा गया।
पुलिस का बयान
नगर निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि—
“दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर मेडिकल कराया गया है। जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment