सोन घड़ियाल अभयारण्य में अवैध रेत उत्खनन का बड़ा खुलासा, विभागीय भूमिका पर उठे सवाल — पुलिस ने हाईवा और जेसीबी जब्त की

0 619

 

 

सीधी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नकझर गांव से एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सोन घड़ियाल अभयारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध रेत उत्खनन किए जाने के आरोपों ने प्रशासनिक तंत्र को कटघरे में खड़ा कर दिया है। खास बात यह है कि ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों का दावा है कि यह कार्रवाई किसी बाहरी रेत माफिया द्वारा नहीं, बल्कि अभयारण्य विभाग की निगरानी में ही संचालित की जा रही थी। इस खुलासे के बाद पूरे जिले में हड़कंप की स्थिति बन गई है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दो दिनों से सोन नदी के किनारे भारी मशीनों की मदद से लगातार रेत निकासी की जा रही थी। चार से पांच हाईवा वाहन और जेसीबी मशीनें खुलेआम नदी से रेत निकालते देखी गईं। ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर विभागीय कर्मचारियों की मौजूदगी ने संदेह को और गहरा कर दिया, जिससे यह धारणा बनी कि उत्खनन विभाग की जानकारी और सहमति से किया जा रहा था।

 

जब इस मामले की जानकारी मीडिया तक पहुंची और अधिकारियों से जवाब मांगा गया, तो कुछ अधिकारियों ने एसडीएम से अनुमति मिलने का हवाला देकर कार्रवाई को वैध बताने की कोशिश की। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अभयारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र में किस आधार पर उत्खनन की अनुमति दी गई और क्या इसके लिए पर्यावरणीय नियमों और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े प्रावधानों का पालन किया गया।

 

मामले ने तूल पकड़ने के बाद बहरी पुलिस ने देर रात करीब एक बजे कार्रवाई करते हुए मौके से सभी हाईवा वाहनों और जेसीबी मशीनों को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और जांच की मांग उठने लगी है।

 

इस घटना ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोन घड़ियाल अभयारण्य वन्यजीवों और जैव विविधता के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, जहां किसी भी प्रकार की खनन गतिविधि नियमों के तहत ही संभव होती है। ऐसे में विभागीय भूमिका को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

 

इसके अलावा, भारी वाहनों की आवाजाही से गांव की सिग्नल रोड भी जर्जर हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment