मेरी शाला–बेस्ट शाला” पर फोकस, 100% रिजल्ट का टारगेट तय: समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्य योजना पर बड़ी बैठक

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
सीधी / मध्य प्रदेश
समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत सेकेंडरी एजुकेशन की वार्षिक कार्य योजना 2026-27 के निर्माण को लेकर जिला स्तरीय बैठक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, सीधी में आयोजित हुई। कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री पवन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में जिले के शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों ने सहभागिता की। बैठक में एपीसी रमसा डॉ. सुजीत कुमार मिश्र ने समग्र शिक्षा की वार्षिक योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए शिक्षण कक्ष, लैब, बाउंड्रीवाल, शौचालय, पेयजल, विद्युतीकरण, वोकेशनल कोर्स और आईसीटी लैब से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी दी।
बैठक में “मेरी शाला–बेस्ट शाला” अभियान के समयबद्ध क्रियान्वयन, 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम की रणनीति, परीक्षा पूर्व तैयारी, परीक्षा पे चर्चा, कैरियर काउंसलिंग, एक्सपोजर विजिट, प्रेरणा उत्सव का पंजीयन, भवन निर्माण हेतु डीपीआर तैयार करने, अधोसंरचना के लिए मांग पत्र, परीक्षा उपरांत स्पोकेन इंग्लिश कोचिंग, दीक्षा पोर्टल, ई-विद्या तथा स्वच्छता साथी–वॉश ऑन व्हील जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मंथन किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री पवन कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्कूल 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम का लक्ष्य हासिल करें, इसके लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जाएं और कमजोर छात्रों से दूरभाष के माध्यम से भी निरंतर संपर्क कर सहयोग दिया जाए। वहीं एडीपीसी श्री ओशो उत्सव ने सभी मदों में स्वीकृत राशि का समय पर व्यय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में आईटी सेल से देवेन्द्र तिवारी सहित जिले के समस्त हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)