देवघटा घाट पर गूंजेगा सोनभद्र की आरती का जयघोष, नर्मदा जयंती पर होगा भव्य आयोजन

सीधी जिले के सीधी जनपद अंतर्गत स्थित पावन ग्राम देवघटा घाट पर आज नर्मदा जयंती के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मां नर्मदा के साथ-साथ जीवनदायिनी सोन नदी की विशेष आरती उतारी जाएगी। आयोजन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार नर्मदा जयंती के मौके पर देवघटा घाट को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। घाट पर आकर्षक विद्युत सज्जा, फूल-मालाओं और दीपों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। विधिवत मंत्रोच्चार के बीच मां नर्मदा एवं सोन नदी की महाआरती की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
स्थानीय ग्रामीणों एवं आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बनेगा।
नर्मदा जयंती के इस पावन अवसर पर देवघटा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो जाएगा।