2 फीट की बेटी को लेकर मां पहुंची कलेक्टर सीधी के दरबार, इलाज के लिए मांगी राहत, तीन साल पहले लाठी से हमला, आज भी दर्द में कट रही जिंदगी

0 257

सीधी जिले के कलेक्ट्रेट कार्यालय में उस वक्त माहौल भावुक हो गया, जब नौगवां धीर सिंह गांव की रहने वाली मुनिया भुजवा अपनी 20 वर्षीय बेटी रानी भुजवा को लेकर कलेक्टर सीधी स्वरोचिस सोमवंशी के समक्ष पहुंचीं। मात्र 2 फीट कद की बेटी को साथ लेकर पहुंची मां ने प्रशासन से उसके इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई।

पीड़िता की मां मुनिया भुजवा ने आवेदन के माध्यम से बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व उनके ही परिवार के एक व्यक्ति ने रानी के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। लाठी से किए गए हमले में रानी की रीढ़ की हड्डी टूट गई, जिसके बाद से उसकी शारीरिक स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई।

आज हालत यह है कि रानी सीधे खड़े होकर चलने में असमर्थ है, झुककर चलने को मजबूर है और हर समय असहनीय दर्द में अपनी जिंदगी गुजार रही है।

 

गरीबी बनी इलाज में सबसे बड़ी बाधा

पीड़िता की मां ने बताया कि वह बेहद गरीब है। बेटी के इलाज के लिए उनके पास न तो पर्याप्त पैसे हैं और न ही कोई स्थायी सहारा। इलाज और दवाइयों का खर्च उठाना उनके लिए नामुमकिन हो गया है। इसी मजबूरी के चलते वह कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और शासन-प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाई।

मुनिया भुजवा ने कहा कि यदि शासन से कोई राहत राशि मिल जाए, तो वह अपनी बेटी का बेहतर इलाज करवा सकेगी और उसे कुछ हद तक दर्द से राहत मिल पाएगी।

मारपीट का मामला न्यायालय में लंबित

महिला ने यह भी बताया कि मारपीट की घटना को लेकर संबंधित थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद अब तक पीड़ित परिवार को इलाज या पुनर्वास के लिए कोई ठोस सहायता नहीं मिल सकी है।

प्रशासन ने जांच का दिया आश्वासन

इस पूरे मामले पर सीधी के अपर कलेक्टर बीपी पांडे ने बताया कि महिला अपनी बेटी के साथ आवेदन लेकर आई थी। आवेदन प्राप्त होने के बाद पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि शासन की उपलब्ध योजनाओं और नियमों के तहत इलाज के लिए जो भी संभव सहायता होगी, वह प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।

2 फीट कद की बेटी और उसकी बेबस मां की यह मार्मिक कहानी न सिर्फ प्रशासन बल्कि समाज के सामने भी कई सवाल खड़े करती है। अब देखना यह होगा कि जांच के बाद पीड़ित परिवार को कब और कितनी राहत मिल पाती है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment