मकर संक्रांति पर जिला पंचायत सदस्य श्रद्धा देवेंद्र सिंह की संवेदनशील पहल

सीधी (राकेश शर्मा)आस्था और परंपरा के महापर्व मकर संक्रांति के अवसर पर ग्राम पंचायत शिवपुर (मरसरहा) स्थित सोन नदी के तट खड़बड़ा घाट में भव्य मेले एवं धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान एवं पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला पंचायत सदस्य श्रद्धा देवेंद्र सिंह दादू द्वारा मेले में स्नान के उपरांत वस्त्र परिवर्तन हेतु चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था की गई। उल्लेखनीय है कि यह व्यवस्था श्रद्धा देवेंद्र सिंह दादू द्वारा लगातार तीसरे वर्ष की गई है। पिछले वर्षों की गई इसी व्यवस्था को स्थानीय जनमानस से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद इस वर्ष भी और बेहतर रूप में दोहराया गया।
सामान्यतः नदियों के घाटों पर वस्त्र परिवर्तन कक्ष की अनुपलब्धता के कारण विशेषकर महिलाओं को असुविधा एवं असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मातृशक्तियों की गरिमा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए की गई यह पहल जनप्रतिनिधि की संवेदनशील सोच और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मेले में उपस्थित ग्रामीणों, महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने इस सराहनीय व्यवस्था की खुलकर प्रशंसा करते हुए इसे अन्य घाटों पर भी लागू किए जाने की आवश्यकता बताई। इस अवसर पर मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह दादू एवं जिला पंचायत सदस्य श्रद्धा सिंह ने समस्त क्षेत्रवासियों को मकर संक्रांति एवं लोहड़ी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।