सरकारी आवास में फंदे पर मिला तहसील कर्मचारी का शव, जांच में जुटी पुलिस

डिंडौरी/शहपुरा। शहपुरा तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू पुरुषोत्तम सिंह परस्ते (54) का शव सोमवार को लोकसेवा केंद्र के पास स्थित उनके सरकारी आवास के एक कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुरुषोत्तम सिंह परस्ते तहसील कार्यालय शहपुरा में पदस्थ थे और ग्राम बरबसपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। सोमवार को सरकारी आवास के कमरे में उनका शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही शहपुरा थाना पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच करते हुए सभी पहलुओं को खंगाल रही है। पोस्टमार्टम एवं जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण सामने आने की संभावना है।