ठेले बने जाम की बड़ी वजह, नगरपालिका की घोर लापरवाही से मैहर की जनता परेशान
मैहर (मध्यप्रदेश)।मैहर नगर में कटनी रोड से लेकर स्टेट बैंक मैहर तक फैली अव्यवस्था अब आम जनता के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। सड़क किनारे फल, सब्जी, समोसा, डोसा सहित अन्य खाद्य सामग्री के ठेलों के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। विशेष रूप से स्टेट बैंक मैहर के पास समोसे का ठेला सड़क पर लगाए जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि व्यस्त समय में इस मार्ग से निकलना मुश्किल हो जाता है। एंबुलेंस, स्कूली वाहन और दोपहिया चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
सबसे गंभीर सवाल यह है कि इतनी स्पष्ट अव्यवस्था के बावजूद नगरपालिका के अधिकारियों को यह स्थिति क्यों नजर नहीं आ रही है। नागरिकों के बीच यह चर्चा आम है कि कहीं इन ठेले वालों को संरक्षण तो नहीं दिया जा रहा। इसके साथ ही टेंपो चालकों द्वारा मनमाने ढंग से वाहन खड़े करने से जाम की समस्या और विकराल हो जाती है।
इस संबंध में मानवधिकार संरक्षण संगठन (एचआरडी), मैहर के जिलाध्यक्ष आशुतोष दहायत ने नगरपालिका अधिकारियों और अध्यक्ष से मांग की है कि चौराहों एवं मुख्य मार्गों के आसपास लगे सभी अवैध ठेलों को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि हर प्रमुख चौराहे पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए, जिससे यातायात सुचारू हो और आम जनता को राहत मिल सके।
नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो यह लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, जिसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर नगरपालिका प्रशासन की होगी।