पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए श्रमोदय विद्यालयों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन शुरू

सीधी 01 जनवरी 2026
श्रम पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सचिव, म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल, भोपाल के पत्र दिनांक 23 दिसम्बर 2025 के अनुसार प्रदेश के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के पुत्र-पुत्रियों के लिए श्रमोदय आवासीय विद्यालय भोपाल, इंदौर, ग्वालियर एवं जबलपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
इच्छुक विद्यार्थी कक्षा 06वीं, 07वीं, 08वीं एवं 09वीं में प्रवेश के लिए दिनांक 20 दिसम्बर 2025 से 20 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा दिनांक 08 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के प्रवेश पत्र मध्यप्रदेश राज्य मुक्त शिक्षा बोर्ड के पोर्टल से डाउनलोड किए जा सकेंगे।
जिले के सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की गई है कि वे अपने पात्र पुत्र-पुत्रियों को इस प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित कराकर म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित निःशुल्क आवासीय श्रमोदय विद्यालयों में अध्ययन का अवसर प्रदान करें।