करंजिया विकासखंड में लोक कल्याण एवं स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन, हितग्राहियों के चेहरों पर आई मुस्कान
प्रशासन गांव की ओर

रिपोर्टर सोहन श्याम बजाग डिंडौरी
डिंडौरी | करंजिया
“प्रशासन गांव की ओर” अभियान के अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड करंजिया में लोक कल्याण एवं स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया गया। यह शिविर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना रहा।
शिविर में विधायक डिंडौरी श्री ओमकार मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुदेश सिंह परस्ते, जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती गीता पट्टा, जनपद सदस्यगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
जिला प्रशासन की ओर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, डीएफओ श्री पुनीत सोनकर, सहायक आयुक्त श्री राजेन्द्र कुमार जाटव, अनुविभागीय अधिकारी बजाग श्री रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर श्री अक्षय डिगरसे सहित समस्त विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समावेशी एवं संवेदनशील प्रशासन की मिसाल
करंजिया में आयोजित यह लोक कल्याण एवं स्वास्थ्य शिविर दिव्यांगजनों, महिलाओं, बच्चों एवं ग्रामीणों के लिए सहायता एवं समाधान का सशक्त माध्यम बना। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही सेवाएँ प्रदान की गईं, जिससे आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण संभव हो सका।
जनप्रतिनिधियों के विचार
विधायक श्री ओमकार मरकाम ने कहा कि ऐसे शिविर शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने का प्रभावी मंच हैं। इससे न केवल समस्याओं का समाधान होता है, बल्कि दुग्ध उत्पादन, कृषि, लघु एवं कुटीर उद्योगों के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होते हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुदेश सिंह परस्ते ने कोदो-कुटकी जैसे मोटे अनाजों, जैविक खेती एवं स्थानीय संसाधनों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में ग्रामीणों को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएँ ग्रामीणों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना ही सरकार का मूल उद्देश्य है।
1643 हितग्राही हुए लाभान्वित
लोक कल्याण शिविर में कुल 1643 नागरिकों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया।
497 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण (एक्स-रे, शुगर, बीपी, सिकल सेल, मोतियाबिंद जांच)
चश्मा एवं आवश्यक दवाइयों का वितरण
5 स्व-सहायता समूहों को सीसीएल स्वीकृति
6 वृद्धावस्था पेंशन, 5 आयुष्मान कार्ड
संबल योजना 2.0 के अंतर्गत सहायता
कृषि विभाग द्वारा 10 मृदा परीक्षण कार्ड का वितरण
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 6 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका को नियुक्ति पत्र,
5 लाड़ली लक्ष्मी योजना, 5 मातृ वंदना योजना के स्वीकृति पत्र
महिलाओं को पोषण आहार किट, बच्चों का वजन परीक्षण एवं गर्भवती महिलाओं को पोषण परामर्श
शिविर में स्थानीय व्यंजनों का प्रदर्शन भी किया गया।
कलेक्टर का संदेश
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में जनजातीय परिवार निवास करते हैं, इसलिए शासन की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार लोक कल्याण शिविर, स्वास्थ्य शिविर एवं रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने शिविर में लगाए गए सभी स्टालों का भ्रमण कर हितग्राहियों से चर्चा की।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों का लाभ लेने एवं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि करंजिया एक आकांक्षी विकासखंड है और इस प्रकार के शिविर आवास, पेंशन, उज्ज्वला योजना, स्वास्थ्य, आंगनवाड़ी, सिंचाई, विद्युत एवं स्वरोजगार जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को केंद्र में रखकर आयोजित किए जा रहे हैं। आगे भी पंचायतों में चौपाल आयोजित कर योजनाओं का क्रियान्वयन जमीनी स्तर तक सुनिश्चित करने की अभिनव पहल पर कार्य किया जाएगा।