बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल पुलिस अधीक्षक से मिला, सौंपा ज्ञापन

0 326

 

जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं एवं पुलिस की कथित उदासीनता को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक सीधी के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल और सख्त कार्यवाही की मांग की।

प्रतिनिधि मंडल में संभागीय प्रवक्ता प्रदीप सिंह दीपू, उपाध्यक्ष दिनेश पाठक, महामंत्री नवीन सिंह, महामंत्री ज्ञानेन्द्र अग्निहोत्री, ब्लॉक अध्यक्ष रामपुर नैकिन प्रदीप द्विवेदी, ब्लॉक अध्यक्ष सेमरिया अरविंद तिवारी, ज्ञानेन्द्र सिंह, रामकुमार सिंह, अनिल पाण्डेय एवं विकाश सिंह शामिल रहे।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी, लूट, महिलाओं एवं मासूम बच्चियों के साथ अपराध, नशे का अवैध कारोबार तथा अवैध रेत परिवहन जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन कई मामलों में पुलिस द्वारा न तो एफआईआर दर्ज की जा रही है और न ही ठोस कार्यवाही हो रही है, जिससे आमजन का भरोसा पुलिस व्यवस्था से उठता जा रहा है।

इन गंभीर मामलों पर उठाई गई कार्यवाही की मांग

ज्ञापन में बताया गया कि थाना रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम झलवार, कटौली, अमिलहा एवं सेमरिया थाना अंतर्गत पोंडी स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों से गरीबों को मिलने वाला राशन चोरी हुआ, जिसकी जानकारी सीसीटीवी फुटेज के साथ दी गई, फिर भी अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। इसी तरह ग्राम चोभरा की दुकान में चोरी के संदिग्ध आरोपी, घटना में प्रयुक्त वाहन व गल्ले को ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की गई।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि शहडोल जिले के बाणसागर थाने द्वारा इसी तरह के गिरोह को पकड़ा गया था, जिसने रीवा, सीधी और सतना में चोरी की बात कबूल की थी, फिर भी सीधी जिले में पुलिस की ओर से कोई सक्रियता नहीं दिखाई गई।

इसके अलावा जिले में महिलाओं एवं बच्चियों के साथ हो रही आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए संजय गांधी महाविद्यालय के आसपास सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक महिला पुलिस बल के साथ नियमित पुलिस तैनाती की मांग की गई।

 

*व्यापारियों की सुरक्षा और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग*

कमर्जी थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी के बेटे के साथ हुई लूट के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से व्यापारियों में भय का माहौल है। साथ ही ठंड के मौसम में कोहरे के कारण शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिस पर रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की गई।

 

*नशा, अवैध रेत परिवहन और ट्रैफिक जाम का मुद्दा*

 

ज्ञापन में अवैध कोरेक्स, गांजा और शराब के कारोबार पर सख्ती बरतने की मांग की गई। वहीं टिकरी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के कारण एक आदिवासी नाबालिग की मृत्यु का उल्लेख करते हुए इस पर तत्काल कठोर कार्यवाही की मांग की गई।

इसके साथ ही गांधी चौक से लालता चौक, सम्राट चौक, अस्पताल चौक एवं नए बस स्टैंड क्षेत्र में लगने वाले जाम से आमजन को राहत दिलाने के लिए पुलिस के माध्यम से यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग भी की गई।

 

*इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि सीधी जिले में बढ़ते अपराध और पुलिस की निष्क्रियता बेहद चिंताजनक है। यदि समय रहते दोषियों पर सख्त कार्यवाही नहीं हुई तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर आंदोलन के लिए बाध्य होगी। आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।*

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment