मानगो फ्लाईओवर निर्माण के दौरान 25 नवंबर से यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव

शस्वर्णरेखा नदी पर पुल और मानगो व आजादबस्ती की ओर फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को गति देने के लिए 25 नवंबर 2025 से 24 दिसंबर 2025 तक बड़े पैमाने पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किए गए हैं। फ्लाईओवर के आजाद बस्ती डाउन रैंप के निर्माण के दौरान नए आदेश के अनुसार, मानगो चौक से पारडीह चौक के बीच भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं पारडीह चौक से मानगो चौक या ओल्ड पुरुलिया रोड की ओर आने वाले बड़े वाहनों को डिमना चौक की ओर डायवर्ट किया गया है। स्कूल समय को ध्यान में रखते हुए बड़ा हनुमान मंदिर से मानगो चौक तक स्कूल बस और स्कूल वैन को सुबह 6 से 8 बजे तक आने की अनुमति दी गई है। इस अवधि में मानगो चौक से पारडीह रोड की ओर जाने वाले सभी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक मानगो चौक से पारडीह की ओर वाहनों का आवागमन पूर्ववत रहेगा, जबकि बड़ा हनुमान मंदिर से मानगो चौक की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पारडीह चौक से मानगो ब्रिज की ओर आने वाले छोटे वाहनों के लिए भी समयानुसार रूट तय किए गए हैं। सुबह 6 से 8 बजे तक छोटे वाहन सहारा सिटी रोड नंबर 15 होते हुए मानगो ब्रिज तक जा सकेंगे, जबकि सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक उन्हें चेपा पुल और ओल्ड पुरुलिया रोड मार्ग से गुजरना होगा।
प्राईड इंडिया न्यूज़ जमशेदपुर से ब्यूरो चीफ़ इंदर जीत सिंह भुल्लर।