“ऑपरेशन मुस्कान” के तहत सीधी पुलिस की जन-जागरूकता पहल — छात्राओं को आत्मरक्षा, नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा की दी सीख

सीधी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के दिशा-निर्देशन में संचालित “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत जिला सीधी पुलिस द्वारा निरंतर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य महिला एवं बाल सुरक्षा, नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना है।
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के कुशल नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव सहित जिले के समस्त अनुभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह अभियान जनहितकारी स्वरूप में पूरे जिले में संचालित हो रहा है।
एसपी का प्रत्यक्ष संवाद:
सरस्वती स्कूल मड़रिया में पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने छात्र-छात्राओं से प्रत्यक्ष संवाद किया और उन्हें गुड टच-बैड टच, महिला संरक्षण के अधिकार, नशा मुक्ति, आत्मविश्वास बढ़ाने के उपाय तथा साइबर अपराधों से बचाव के विषय में जानकारी दी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता व्यक्त की।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अमन मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक कन्हैया सिंह बघेल, थाना प्रभारी महिला थाना निरीक्षक रीता त्रिपाठी, विद्यालय के प्राचार्य श्री राजकुमार सिंह सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
महिला थाना की पहल:
निरीक्षक रीता त्रिपाठी एवं उनकी टीम ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जोगीपुर में लगभग 700 छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा, अनुशासन, ऑनलाइन ठगी से बचाव और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस की इस सकारात्मक पहल की सराहना की।
अन्य थाना क्षेत्रों में कार्यक्रम:
सेमरिया थाना: उप निरीक्षक केदार परौहा ने गुरुकुल कन्या विद्यालय में छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
भुईमाड़ थाना: उप निरीक्षक डी.डी. सिंह ने छात्रावास एवं ग्राम जवारी टोला में ग्रामीणों को नशे से दूरी और साइबर जागरूकता के लिए प्रेरित किया।
अमिलिया थाना: निरीक्षक राकेश बैस एवं टीम ने हॉली चाइल्ड स्कूल तेंदुआ में महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा उपायों पर मार्गदर्शन दिया।
कुसमी थाना: निरीक्षक अरूणा द्विवेदी द्वारा मॉडल स्कूल कुसमी में बच्चों को सुरक्षा संबंधी फिल्म “कोमल” दिखाकर व्यवहारिक सतर्कता की जानकारी दी गई।
“ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत सीधी पुलिस समाज में सुरक्षा, जागरूकता और सकारात्मक वातावरण निर्माण हेतु सतत् प्रयासरत है।