विधायक ओम प्रकाश धुर्वे ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण,

11 बजे तक नहीं मिले ड्यूटी डॉक्टर
जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिंडौरी।स्थानीय विधायक ओम प्रकाश धुर्वे ने आज जिला चिकित्सालय का अचानक निरीक्षण किया, जहाँ उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं में घोर लापरवाही देखने को मिली। विधायक के निरीक्षण के दौरान ड्यूटी डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
11 बजे तक OPD में नहीं थे डॉक्टर, लगी लंबी लाइन
निरीक्षण के दौरान विधायक धुर्वे ने पाया कि सुबह 11:00 बजे तक भी ओपीडी (OPD) में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण अस्पताल में मरीजों की अधिक भीड़ जमा हो गई और लंबी लाइनें लग गईं।
विधायक ने मौके पर मौजूद मरीजों से स्वयं चर्चा की और उनकी समस्याओं को सुना। मरीजों ने बताया कि अस्पताल में उनकी देखभाल या समस्या सुनने वाला कोई नहीं है, जिससे उन्हें इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
विधायक ने जताई कड़ी नाराजगी
विधायक ओम प्रकाश धुर्वे ने जिला चिकित्सालय की इस अव्यवस्था पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जब जिले के जिला चिकित्सालय की यह स्थिति है तो फिर ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों का भगवान ही मालिक है।
उन्होंने मौके पर ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं जिला प्रशासनसे आग्रह किया कि जिम्मेदार अधिकारियों को परिवर्तितकर स्वास्थ्य व्यवस्था को तत्काल सुधरवाने का कष्ट करें, ताकि मरीजों को राहत मिल सके।
विधायक के इस औचक निरीक्षण ने जिले के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा दिया है और अनुपस्थित डॉक्टरों व लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है।