रीवा का गौरव, उप मुख्यमंत्री बोले–गर्व है कि देश के दो सेना प्रमुख हमारे रीवा के हैं

0 250

 

सैनिक स्कूल रीवा में अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रतियोगिता 2025 का समापन समारोह शुक्रवार को धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी और थलसेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दोनों सेनाध्यक्षों का नागरिक अभिनंदन किया गया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा —

 

“रीवा और विंध्य की धरती को गर्व है कि आज देश के तीन सेना प्रमुखों में से दो हमारे रीवा के हैं, और दोनों एक ही स्कूल — सैनिक स्कूल रीवा — के सहपाठी रहे हैं। यह हमारे क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव की बात है।”

 

उन्होंने कहा कि रीवा सैनिक स्कूल का मस्तक आज गर्व से ऊँचा हुआ है। यहाँ के कैडेट्स ने देश के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। उप मुख्यमंत्री ने दोनों सेनाध्यक्षों का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह मिट्टी वीरों की जन्मभूमि रही है और आज फिर रीवा ने इतिहास रच दिया है।

 

थल सेना अध्यक्ष बोले — “ऐसे बनें कि दूसरे आप पर भरोसा करें”

 

थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा —

 

“ऐसे बनो कि लोग आप पर भरोसा करें। खेल का अनुशासन और समर्पण नागरिक सेवा का आधार है।”

 

उन्होंने कहा कि वीर सैनिकों के पराक्रम, शौर्य और समर्पण ने देश का मान बढ़ाया है। कैडेट्स को अनुशासन और निष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए उन्होंने कहा कि देश की सेवा सर्वोच्च धर्म है।

नौसेना प्रमुख बोले — “सैनिक स्कूल बना राष्ट्रीय पहचान”

 

नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने कहा —

 

“खेल चरित्र निर्माण का माध्यम है। रीवा सैनिक स्कूल आज राष्ट्रीय पहचान बन चुका है। यहाँ के कैडेट्स दृढ़ निश्चय और अनुशासन के साथ नई ऊँचाइयाँ छू रहे हैं।”

 

उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंधुर’ के नायकों का उल्लेख करते हुए कहा कि सेना के शौर्य और समर्पण ने देश का गौरव बढ़ाया है।

समारोह में उमड़ा देशभक्ति का जज़्बा

 

कार्यक्रम में उपस्थित कैडेट्स ने परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। मंच पर रीवा की मिट्टी के वीर सपूतों को याद करते हुए उप मुख्यमंत्री शुक्ला ने कहा —

 

> “रीवा की धरती से उठे सपूत आज देश की रक्षा की कमान संभाल रहे हैं, यह हर रीवावासी के लिए गर्व की बात है।”

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment