Breaking News

सीधी सड़क हादसा: प्रभारी मंत्री पहुँचे पीड़ित परिवारों से मिलने, आर्थिक सहायता स्वीकृत

0 228

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी : रिपोर्ट शाहिद खान

 

मृतकों के निकटतम परिजन को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी शोक संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है, जिसने कई परिवारों को अपूरणीय क्षति पहुँचाई है।

श्री जायसवाल ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं परिवारों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।

 

पीड़ित परिवारों के लिए सहायता

मृतक आदित्य प्रसाद जायसवाल (गीता) के वारिस को कर्मकार पंजीयन के तहत ₹4,00,000 अनुग्रह सहायता एवं ₹6,000 अंत्येष्टि सहायता।

मृतक राजकुमार जायसवाल (प्रिंस) के वारिस को कर्मकार पंजीयन के तहत ₹4,00,000 अनुग्रह सहायता एवं ₹6,000 अंत्येष्टि सहायता।

मृतक धर्मेंद्र जायसवाल के वारिस को पिता का कर्मकार पंजीयन होने से ₹6,000 अंत्येष्टि सहायता।

इसके अलावा प्रभारी मंत्री ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी से मृतकों के परिजनों को ₹25,000 तथा घायलों को ₹10,000 की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को अन्य शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्रतानुसार लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

घायलों को बेहतर उपचार के निर्देश

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएँ निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएँ और उनके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।

इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक, देव कुमार सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला, पार्षद पूनम सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी शोक संवेदनाएँ व्यक्त कीं और परिजनों को सांत्वना दी।

दुर्घटना का विवरण

उल्लेखनीय है कि दिनांक 18 सितम्बर 2025 की सायं लगभग 7 बजे तहसील बहरी के ग्राम केशवाही के समीप बोलेरो और ट्रक की टक्कर में 3 व्यक्तियों की मृत्यु तथा 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को प्राथमिक उपचार जिला चिकित्सालय सीधी में उपलब्ध कराने के बाद उन्नत इलाज हेतु संजय गांधी चिकित्सालय रीवा रेफर किया गया था, जहाँ इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मृत्यु हो गई।

 

इस दौरान अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव सहित प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment