Breaking News

सीधी में सेवा पखवाड़ा अभियान का शुभारंभ

0 274

सांसद ने स्वच्छता कार्यक्रम में की सहभागिता, स्वच्छता कर्मियों के साथ की “चाय पर चर्चा”

 

प्रदेश के साथ- साथ सीधी जिले में भी बुधवार को सेवा पखवाड़ा अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने स्वयं विभिन्न आयोजनों में सक्रिय सहभागिता की।

 

कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता ही सेवा अभियान से हुई, जिसके अंतर्गत सांसद डॉ मिश्रा ने स्वच्छता कर्मियों के साथ “चाय पर चर्चा” की। उन्होंने स्वच्छाग्रहियों को स्वच्छ भारत मिशन का मजबूत स्तंभ और राष्ट्र के स्वच्छता-योद्धा बताते हुए उनके समर्पण को नमन किया। उन्होंने कहा कि “सफाई मित्रों के अथक परिश्रम के बिना स्वच्छ भारत का सपना अधूरा है। राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अमूल्य है और समाज का प्रत्येक व्यक्ति उनके सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रहे।”

 

इसके पश्चात स्थानीय पूजा पार्क में स्वच्छता कार्यक्रम तथा सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन हुआ, जिसमें समाजसेवी श्री देवकुमार सिंह चौहान, उपखंड अधिकारी गोपद बनास श्री राकेश शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सांसद ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से योग को वैश्विक मान्यता मिली है और आज पूरी दुनिया में योग स्वस्थ जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।

 

अभियान के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” पहल भी चलाई गई, जिसके तहत पूजा पार्क परिसर में पौधारोपण किया गया। सांसद ने कहा कि यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है, बल्कि मातृत्व को भी विशेष सम्मान प्रदान करती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे पर्यावरण संतुलन और हरित भविष्य के लिए पौधारोपण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

 

शासन के निर्देशानुसार “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा” 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत नगर पालिका परिषद सीधी द्वारा वृहद पौधारोपण कार्य संपन्न कराया गया। साथ ही, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के धार से सीधा प्रसारण कार्यक्रम को नगर पालिका कार्यालय में लाइव सुनने की विशेष व्यवस्था भी की गई।

 

सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को लाभ पहुंचाने की दिशा में भी कार्यवाही की गई। इस दौरान पात्र हितग्राहियों के आवेदन लिए गए और बैंकों के माध्यम से ऋण वितरण की प्रक्रिया पूरी की गई, जिससे छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनने में सहयोग मिलेगा।

 

इन कार्यक्रमों में समाजसेवी श्री देवकुमार सिंह चौहान, डॉ देवेंद्र त्रिपाठी, श्री केके तिवारी, श्री इंद्रशरण सिंह चौहान, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, सफाई कर्मी, स्वयंसेवी संगठन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment