नगर निगम आयुक्त ने की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा

शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण कराए जाने के निर्देश

2,213

 

सिंगरौली, 14 सितम्बर 2025।

नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने रविवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से निगम की सभी शाखाओं में लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित कराया जाए।

आयुक्त ने कहा कि बरसात के कारण जहां-जहां गड्ढ़े हो गए हैं, उनकी मरम्मत और क्षतिग्रस्त नालियों एवं सीसी रोड को दुरुस्त करने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का समाधान करने के बाद शिकायतकर्ता से संपर्क कर फोर्स क्लोज की कार्यवाही की जाए तथा उसका स्पष्ट प्रतिवेदन भी दर्ज किया जाए।

निगमायुक्त ने सभी विभाग प्रमुखों को क्षेत्र में जाकर शिकायतों का निराकरण कराने के निर्देश दिए। सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं वार्ड प्रभारियों को सामंजस्य बनाकर एल-1 स्तर पर शिकायत आते ही तुरंत कार्रवाई करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की नियमित समीक्षा करने, वास्तविक स्थिति के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण कराने तथा जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समय पर प्रतिवेदन देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपायुक्त आर.पी. बैश, सहायक आयुक्त रूपाली द्विवेदी, सहायक यंत्री संतोष पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर