सीधी में ऋषिकेश रत्न अलंकरण समारोह
सीधी में ऋषिकेश रत्न अलंकरण समारोह

50 कलाकारों का हुआ सम्मान, पद्मश्री अर्जुन सिंह धुर्वे रहे मुख्य अतिथि
सीधी। स्व. न्यायाधीश ऋषि तिवारी की स्मृति में सोमवार को उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में भव्य ऋषिकेश रत्न अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पद्मश्री लोक कलाकार अर्जुन सिंह धुर्वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि गांधीवादी चिंतक संतोष कुमार द्विवेदी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
समारोह में मूर्तिकार, बांस एवं मृदा शिल्पकार, चर्म शिल्पी, गायक, वाद्ययंत्र वादक, पाककला विशेषज्ञ और चित्रकार सहित करीब 50 कलाकारों को सम्मानित किया गया। साथ ही नौ विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बाँध दिया। नन्हे लाल घासी के नेतृत्व में गुदुम बाजा नृत्य, 93 वर्षीय शम्भू प्रजापति का कोहराई कबीर गायन, शिवबालक बैगा का नकसुर वादन और सृजन मिश्रा व श्लोक तिवारी का हारमोनियम-तबला संगत पर भजन विशेष आकर्षण रहे।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुनील मिश्रा, व्यवहार न्यायाधीश शुभांशु ताम्रकार, काष्ठ कलाकार दलपत सिंह बीजापुरी और लोक गायिका भागवती रठुड़िया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
यह आयोजन भारतीय पारंपरिक ज्ञान और कला को सम्मान देने तथा नई पीढ़ी को भारतीय मूल्यों और रचनात्मकता से जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास माना गया।