आधे घंटे की बारिश से जलमग्न हुआ स्कूल, बच्चों को पानी से होकर जाना पड़ा

सीधी जिले के कुसमी ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बाड़ीझिरिया में मंगलवार को आधे घंटे की बारिश ने बड़ी समस्या खड़ी कर दी। विद्यालय परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिससे कक्षा 1 से 5 तक के छोटे-छोटे बच्चों को न केवल पढ़ाई करनी पड़ी बल्कि मध्याह्न भोजन के लिए भी पानी से होकर गुजरना पड़ा।
अभिभावकों ने इस समस्या की शिकायत संकुल केंद्र टमसार में दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि विद्यालय में नियमित सफाई न होने के कारण बारिश का पानी सीधे कक्षाओं और आंगन में भर गया। अभिभावक रामराज साकेत ने बताया कि लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
इस मामले में कुसमी बीआरसीसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि शिकायत मिलते ही पानी निकासी के लिए तत्काल निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखने की बात कही। वहीं, विद्यालय के शिक्षकों ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर
दिया।