सीधी में खाद संकट गहराया: किसानों ने लगाया एनएच-39 पर जाम

0 311

सीधी जिले में यूरिया खाद की कमी ने किसानों को सड़कों पर उतरने पर मजबूर कर दिया। बुधवार शाम नाराज किसानों ने चुरहट खाद गोदाम के सामने एनएच-39 पर जाम लगा दिया। इस दौरान गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।

किसानों का आरोप है कि बीते 15 दिनों से खाद की सप्लाई नहीं हो रही है और कालाबाजारी के चलते समितियों व गोदामों से यूरिया मिलना बेहद मुश्किल हो गया है। किसान बताते हैं कि धान और खरीफ फसलों के लिए इस समय खाद की सख्त जरूरत है, लेकिन घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

जाम की खबर मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। समझाइश और आश्वासन के बाद करीब एक घंटे में जाम खुल सका और यातायात बहाल हुआ।

कृषि उपसंचालक डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि खाद की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन किसान सिर्फ यूरिया पर निर्भर हैं। नैनो यूरिया और जैविक खाद विकल्प के रूप में उपलब्ध हैं, मगर किसान उन्हें अपनाने से बच रहे हैं। यही कारण है कि यूरिया संकट बार-बार सामने आ रहा है।

इससे पहले भी जिले में खाद की कमी और कालाबाजारी की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। किसान अपनी फसलों को बचाने के लिए दिन-रात गोदामों और समितियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment