“नशे से दूरी है जरूरी” अभियान – बाजारों, मॉल, कोचिंग सेंटर और सार्वजनिक स्थलों पर चला जनसंवाद”

मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार 15 से 30 जुलाई 2025 तक “नशे से दूरी है जरूरी” विषय पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आज सिंगरौली जिले में व्यापारी वर्ग, सामाजिक संगठनों, एनजीओ और जागरूक नागरिकों की भागीदारी से नशा विरोधी जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री पी.एस. परस्ते के पर्यवेक्षण और एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।
थाना विन्ध्यनगर द्वारा आज V-Mart शॉपिंग मॉल, विन्ध्यनगर में नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित नागरिकों को नशा न करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही पुलिस मुख्यालय से प्रदत्त “जिंगल बेल” संदेश को बजाकर नशामुक्ति का प्रभावशाली संदेश जनमानस तक पहुँचाया गया। इसके अतिरिक्त, कोचिंग सेंटर विन्ध्यनगर में विद्यार्थियों के बीच हस्ताक्षर अभियान व शपथ ग्रहण का आयोजन किया गया, जहाँ युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर स्वस्थ जीवन की प्रेरणा दी गई।
थाना माड़ा द्वारा माड़ा बाज़ार में व्यापारियों एवं ग्राहकों के बीच संवाद कर उन्हें नशे के खतरों से परिचित कराया गया। व्यापारियों ने भी इस मुहिम को सराहा और नशे से दूर रहने एवं अपने आस-पास भी लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।