“हरियाली अमावस्या में जन अभियान चलायेगा पौधारोपण महाभियान,

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा नुसार म.प्र. जन अभियान परिषद द्वारा हरियाली अमावस्या 22 जुलाई से 27 जुलाई तक पौधारोपण महाभियान चलाने का संकल्प लिया है। जिले में इसकी पूर्ण तैयार कर ली गई है जिसके तहत नवांकुर योजना में चयनित 25 स्वयंसेवी संगठनो द्वारा यह कार्य किया जायेगा। जिले मे जन अभियान परिषद द्वारा 25 सेक्टर बनाये गये है सभी सेक्टर मे 1-1 नवांकुर संस्थाएं कार्य कर रही है। जन अभियान परिषद राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार पौधारोपण महाभियान को सफल बनाने हेतु नवांकुर सखी कार्यक्रम लांच किया गया है, जिसके तहत प्रत्येक नवांकुर संस्था अपने सेक्टर के अंतर्गत आने वाले ग्रामों से 100 मातृशक्तियो का चिन्हाकंन कर प्रत्येक को 11 पौधे उपलब्ध कराये जायेगे। इस प्रकार से 2500 मातृ शक्तियों को 27500 पौधे एवं सभी नवांकुर अपने संसाधन से कम से कम 100 पौधे लगाने का कार्य करेगी।
जिला समन्वयक ने बताया कि इस कार्यक्रम को अमली जामा पहनाने के लिये विगत दो माह पूर्व से तैयारी चल रही है जिनमे प्रत्येक सेक्टर में चयनित आदर्श ग्रामो मे नवांकुर संस्था द्वारा तेजी से कार्य करते हुये नर्सरी की स्थापना की गई है। इन नर्सरी में बेल, आवला, नीबू, कटहल, अमरूद, जामुन आदि के पौधे तैयार किये गये है। एक नर्सरी में अधिकतम 7000 पौधे तथा कम से कम 1500 पौधे की छोटी नर्सरी बनाई गई है। नवांकुर योजना मे स्वैच्छिक संगठनो को आत्मनिर्भर बनाने तथा तीन वर्ष तक वित्तीय योजना के साथ सामाजिक गतिविधियो मे दक्षता लाना परिषद का उद्देश्य है। इसी के तहत इस वर्ष से नवांकुर संस्थाओ को अपनी स्वयं की नर्सरी स्थापित करने हेतु प्रोत्साहित किया गया है। आगामी वर्ष मे प्रत्येक संस्था द्वारा कम से कम 25000 पौधो की नर्सरी तैयार करने को प्रोत्साहित किया जायेगा। जिससे संस्था का पौधारोपण में महत्वपूर्ण योगदान हो सके तथा पौधे का विक्रय कर आर्थिक आत्मनिर्भरता लायी जा सके।