बलिदान दिवस पर भाजपा ने किया पितृ पुरुष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को नमन, 950 से अधिक बूथों पर कार्यक्रम आयोजित

0 3,331

 

सिंगरौली।

भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं भारतीय जनता पार्टी के पितृ पुरुष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को भाजपा ने बलिदान दिवस के रूप में श्रद्धा एवं संकल्प के साथ मनाया। ’11 साल बेमिसाल – संकल्प से सिद्धि’ अभियान के अंतर्गत बलिदान दिवस को पार्टी ने विशेष महत्व देते हुए जिले के 950 से अधिक बूथों पर कार्यक्रम आयोजित किए।

बलिदान दिवस के अवसर पर प्रत्येक बूथ पर डॉ. मुखर्जी की छायाप्रति पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। संगठन की ओर से भेजे गए प्रभारियों ने कार्यकर्ताओं को डॉ. मुखर्जी के अद्भुत बलिदान की प्रेरक गाथा से अवगत कराया। जिले के सभी जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी बूथ स्तर तक पहुंचे और कार्यक्रम को सफल बनाया।

जिला मीडिया प्रभारी नीरज सिंह परिहार ने जानकारी दी कि भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह चितरंगी विधानसभा के गोरबी, नौढि़या, बगैया एवं मौहरिया मंडलों के विभिन्न बूथों पर पहुंचे। उन्होंने बलिदान दिवस के कार्यक्रम में भाग लेते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा भी की। जिलाध्यक्ष शाह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके ऐतिहासिक योगदान को कार्यकर्ताओं के सामने रखा।

अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष ने कहा कि नेहरू सरकार की तुष्टिकरण नीति और शेख अब्दुल्ला से समझौते के चलते जम्मू-कश्मीर भारत का पूर्ण हिस्सा होते हुए भी अलग झंडा, अलग संविधान और अलग प्रधानमंत्री रखने के लिए विवश था। डॉ. मुखर्जी ने इसके खिलाफ नारा दिया — “एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे।” उन्होंने बिना अनुमति जम्मू-कश्मीर में प्रवेश कर लाल चौक पर तिरंगा फहराया। इसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया, जहां रहस्यमय परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हो गई।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान आज भारतीय जनता पार्टी के लिए पथप्रदर्शक बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने अनुच्छेद 370 और 35ए को समाप्त कर उनके सपनों का कश्मीर भारत को लौटा दिया। यह हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण है।

बलिदान दिवस के इस भव्य कार्यक्रम में जिला महामंत्री लालपति साकेत, जिला मंत्री पूनम गुप्ता, प्रवेंद्र धर द्विवेदी, वरिष्ठ नेता राजेन्द्र द्विवेदी, पूर्व मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह, शारदा शर्मा, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment