सिर्फ 6 घंटे में लूट का खुलासा: जमोड़ी पुलिस ने दो आरोपियों और एक नाबालिग को किया गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल और बाइक बरामद

सीसीटीवी फुटेज और तत्परता से पुलिस को मिली सफलता

0 564

विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट सीधी
जिले की जमोड़ी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लूट की वारदात को महज छह घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने दो युवकों और एक विधि विरुद्ध बालक को हिरासत में लेकर लूटा गया मोबाइल फोन और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।

घटना 30 अप्रैल को सुबह करीब 10.30 बजे की है जब फरियादी मुकेश कुमार साकेत, निवासी ग्राम भगड़ा, थाना सेमरिया (रीवा), अपने ससुराल पड़रा से लौटते समय जमोड़ी बायपास रोड पर नाश्ता लेने रुके थे। वापसी के दौरान दो युवकों ने उनसे लिफ्ट मांगी और थोड़ी दूर चलने पर उनके साथ मारपीट कर ली गई। तीसरे युवक ने जेब से मोबाइल फोन छीना और तीनों युवक उनकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।

रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. रवीन्द्र वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द श्रीवास्तव और डीएसपी मुख्यालय श्रीमती गायत्री तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी उनि. दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर संदिग्धों को चिन्हित किया और स्थानीय लोगों की मदद से उनकी पहचान सुनिश्चित की।

पुलिस ने संजीव साकेत (18) और नीरज साकेत (18), दोनों निवासी पड़रा, थाना जमोड़ी तथा एक विधि विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार किया और उनके कब्जे से लूटी गई संपत्ति बरामद की गई। आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया।

इस सफलता में थाना प्रभारी उनि. दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सउनि गोविन्द, प्रधान आरक्षक लल्लू विश्वकर्मा, अवनीश बघेल, गुरुप्रसन्न, आरक्षक के.पी. सिंह, ललित मिश्रा, राजू यादव, योगेश जाटव और साइबर सेल से कृष्ण मुरारी द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

—

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment