“रिश्तेदार बनकर भरोसे में लिया, फिर नकदी उड़ाई – बोलेरो वाहन से वारदात को दिया अंजाम, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार”

0 494

 

विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट सीधी मध्यप्रदेश

सीधी।कोतवाली पुलिस ने दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने बोलेरो वाहन का उपयोग कर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी और बोलेरो वाहन जब्त किया है।

यह आरोपी बुज़ुर्गों को अपना रिश्तेदार बताकर बोलेरो में बैठाते थे और बातचीत में उलझाकर उनसे नकदी और कीमती सामान चुरा लेते थे, फिर किसी बहाने से उन्हें बीच रास्ते में उतार देते थे।

मामले का संक्षिप्त विवरण

दिनांक 25.04.2025 को फरियादिया वंदना सेन (उम्र 23 वर्ष), निवासी ग्राम ताला, थाना मझौली, जिला सीधी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनके पिता चन्द्रवली सेन (ट्रायबल विभाग, कलेक्ट्रेट में अस्थायी कर्मचारी) ने दिनांक 24.04.2025 को अपनी बड़ी बेटी की शादी के लिए यूनियन बैंक, कलेक्ट्रेट कैम्पस, सीधी से ₹50,000 नगद निकाले थे।

करीब दोपहर 1:45 बजे, कलेक्ट्रेट चौक पर एक बोलेरो वाहन रुका जिसमें एक व्यक्ति बीच की सीट पर बैठा था। वह बाहर निकलकर उनके पिता से बोला कि वह उनका रिश्तेदार है और उन्हें छोड़ देगा। बातचीत के दौरान शादी का कार्ड लेकर उसने कहा कि वह भी कार्ड बांटेगा। कुछ ही समय बाद जिला पंचायत के सामने उक्त वाहन से उनके पिता को उतार दिया गया।

जब उनके पिता ने जेब चेक की तो पाया कि ₹50,000 नगद गायब थे। यह रकम बोलेरो चालक व बीच में बैठे व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई थी।

आरोपियों की गिरफ्तारी व बरामदगी

पुलिस जांच में सामने आए दो आरोपी:

1. राजेश मिश्रा उर्फ राधे मिश्रा पिता चन्द्रशेखर मिश्रा, निवासी पिपराव, थाना रामपुर नैकिन, जिला सीधी (वर्तमान पता – महाजन टोला, थाना बिछिया, जिला रीवा)।

2. देवेन्द्र उर्फ लाला यादव पिता जुगराज यादव (उम्र 27 वर्ष), निवासी शिवपुरवा बाणगंगा टोला, थाना गोविंदगढ़, जिला रीवा।

 

दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जहाँ उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार किया और बताया कि वे इस प्रकार की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। हाल ही में की गई चोरी में से ₹10,700 नगद एवं बोलेरो वाहन को जब्त किया गया है।

अपराध प्रवृत्ति व अन्य मामले

उक्त आरोपी शातिर प्रवृत्ति के अपराधी हैं, जो लोगों को बहला-फुसलाकर गाड़ी में बैठाते हैं और ठगी करते हैं। इनके विरुद्ध रीवा व मैहर जिलों में 8 से अधिक अपराध पंजीबद्ध हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा, उप निरीक्षक विवेक द्विवेदी, प्रधान आरक्षक आनंद शर्मा, रण बहादुर सिंह, तिलकराज सिंह एवं आरक्षक बालेन्द्र सिंह का विशेष योगदान रहा।

—

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment