केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी में हुआ वार्षिक खेल महोत्सव का आयोजन

0 382

रिपोर्ट- नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा

केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी में वार्षिक खेल महोत्सव (2024-25) का आयोजन बड़े धूमधाम से किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री प्रभाकर राम त्रिपाठी (महाप्रबंधक एस.ई.सी.एल. जमुना-कोतमा क्षेत्र) एवं अन्य गणमान्य अतिथि तथा अभिभावकगण उपस्थित रहे कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत में स्काउट कलर पार्टी तथा स्वागत गीत एवं प्राचार्य मनोज कुमार द्वारा अतिथियों के सम्मान में भाषण से हुई। विद्यालय के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों एवं महाप्रबंधक एस.ई.सी.एल. द्वारा खेल मशाल को प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिताओं का आरंभ किया गया। सर्वप्रथम विद्यालय के सभी सदनों के द्वारा मार्च पास्ट किया गया। इसके उपरांत संगीत विभाग के निर्देशन में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई।

इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा योग के विभिन्न आसनों का प्रदर्शन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्रों द्वारा खेलकूद की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया गया तथा मुख्य अतिथि द्वारा उन्हें मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के सी.सी.ए. विभाग द्वारा किया गया। वार्षिक खेल महोत्सव के इस आयोजन में 100 मीटर, 200 मीटर तथा 400 मीटर रिले दौड़ तथा अन्य प्रतियोगिताएँ हुई। बाल-वाटिका एवं प्राथमिक विभाग के नन्हे-मुन्ने बच्चों के द्वारा एरोबिक डांस, 100/200 मी. दौड़, बलून खेल, स्कूल चलें हम आदि प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया गया। मैच रेफरी की भूमिका श्री बादल राय द्वारा निभाई गई। इस खेल महोत्सव के प्रभारी श्री हरिकेश्वर सिंह की विशेष भूमिका में विभिन्न खेलों का आयोजन एवं फिट इंडिया शपथ कार्यक्रम हुआ। सभी प्रतियोगिताओं के संपन्न होने के उपरांत वर्ष भर की खेल गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर अशोक सदन को प्रथम, शिवाजी सदन को द्वितीय और रमन सदन को तृतीय स्थान की शील्ड प्रदान की गई।

मुख्य अतिथि प्रभाकर राम त्रिपाठी ने शिक्षा के साथ-साथ खेल के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि खेल से शारीरिक स्वास्थ्य ही नही अपितु मानसिक स्वास्थ्य को भी बल मिलता है जो एक सबल समाज और देश निर्माण में विशेष भूमिका निभाता है । मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों तथा शिक्षकों को बधाई देते हुए बच्चों के कौशल को सराहा और भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएँ दी। विद्यालय के इस वार्षिक खेल महोत्सव में सभी छात्रों के साथ-साथ उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे। विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सक्रिय योगदान से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।वरिष्ठ शिक्षक अतुल कुमार गुप्ता द्वारा सभी अतिथियों एवं अभिभावकों तथा शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार प्रकट किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment