डाॅ राधाकृष्णन ने राधा और कृष्ण की तरह राष्ट्र से अटूट प्रेम किया – डाॅ मुन्नालाल देवदास

0 372

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं मिलऊदास कोसरिया शासकीय उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय कौन्दकेरा के 28 वीं स्थापना दिवस पर छात्रसंघ द्वारा शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसके मुख्य अतिथि थे राष्ट्रपति एवं राज्यपाल पुरस्कृत सेवानिवृत्त प्रधान पाठक एवं साहित्यकार डाॅ मुन्ना लाल देवदास। डाॅ देवदास ने इस अवसर पर भारत के महान राष्ट्रपति डाॅ राधाकृष्णन के संबंध में रोचक जानकारी देते हुए कहा कि डाॅ राधाकृष्णन ने अपने नाम के अनुरूप राधा की तरह राष्ट्र से अटूट प्रेम करना और कृष्ण की तरह राष्ट्र हित में कर्मयोग करना सिखाया। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता कहा। और बच्चों के सर्वांगीण विकास में कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने को कर्मयोग कहा। जिससे इस राष्ट्र को एक सुसंस्कारित सभ्य नागरिक मिल सके।
डाॅ देवदास ने आगे कहा कि यह संयोग की बात है कि शिक्षक दिवस और गणेश चतुर्थी एक ही सप्ताह में जुड़ गया। क्योंकि सन 1996 में गणेश चतुर्थी के दिन इस विद्यालय की स्थापना हुई थी । आज इस विद्यालय ने अपने 28 साल के सफर में अनेक उपलब्धियाँ हासिल की है। जो हमारे गुरुजनों के मेहनत का फल है। मेरा सौभाग्य है कि मैं भी यहीं से सेवानिवृत्त हुआ हूँ।

डाॅ देवदास ने अपने पूर्व की घोषणा को दुहराते हुए कहा कि इस विद्यालय से जो भी विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में टाप टेन में स्थान बनाएंगे उसे अपनी ओर से 15 हजार रुपये नगद एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे। इसी कड़ी में यहाँ आमंत्रित सभी अतिथियों ने अपने उदबोधन में बच्चों को अनुशासित रहकर पढाई लिखाई करने के लिए प्रेरित किया और टाप टेन में स्थान लाने पर नगद सम्मान राशि देने की घोषणा की। जिसमें शाला प्रबंधन विकास समिति के पूर्व अध्यक्ष सोमप्रकाश साहू, वर्तमान अध्यक्ष ओंकार साहू, प्राचार्य एम आर रात्रे, व्याख्याता दुष्यंत कुमार वर्मा आदि है । इसी प्रकार अध्यक्ष ओंकार साहू ने आगामी शिक्षक दिवस को भव्य स्तर पर मनाने और सबके लिए सुरुचिपूर्ण भोजन देने की घोषणा की।
विद्यालय के छात्र छात्राओं ने अतिथियों और अपने सभी सम्माननीय शिक्षक शिक्षिकाओं की आरती उतारी, रोली चंदन अक्षत आदि लगाए और पेन डायरी भेंट करके सम्मानित किए। फिर सबके सम्मान में मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

इस कार्यक्रम में विशेष रुप से बलराम साहू शिक्षक चौबेबाँधा, उप सरपंच संतोष साहू,शाला प्रबंधन समिति पदाधिकारी दूजराम साहू, मकसूदन साहू, बाबूलाल साहू, तामेश्वर पाठक, फूलजी, नेमंत साहू, नारायण लाल, तोरण साहू, हीरालाल, धनसिंग गोवर्धन मनियारी, चुम्मन साहू श्रीमती मीना साहू व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हायर सेकेंड्री और मिडिल स्कूल कौन्दकेरा के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन कु. भोजलता जितेश्वरी एवं मनीषा ने किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment