27 सितंबर को फिर टीकाकरण महाअभियान, सभी को पहली डोज लगाने का लक्ष्य

भोपाल । प्रदेश में कोरोना से बचाव के टीके की पहली डोज अब भी एक करोड़ 15 लाख लोगों ने नहीं लगवाई है। अब प्रदेश में 27 सितंबर को फिर टीकाकरण महाअभियान होगा। इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को पहली डोज लगाना है। अभी 26 सितंबर तक सभी को पहली डोज लगाने का लक्ष्य था। इसके लिए हर दिन करीब 13 लाख लोगों को पहली डोज लगाने की जरूरत थी, लेकिन दोनों डोज मिलाकर यह आंकड़ा पांच लाख से नीचे रहता है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में 27 सितंबर तक सभी को पहली डोज लगाने का लक्ष्य तय किया जाए। उन्होंने कहा कि महाअभियान में जनभागीदारी को बढ़ाएं। इस संबंध में मुख्यमंत्री आज दोपहर 2.30 बजे जिला, विकासखंड, वार्ड और ग्रामस्तरीय क्राइसिस मैनेजमेंट समितियों के सदस्यों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री ने टीकाकरण महाअभियान को सफल बनाने के लिए सभी वर्गों से अपील की है कि मानव जीवन की सुरक्षा के लिए सभी लोग स्व-प्रेरणा से आगे आएं और टीकाकरण महाअभियान में अपनी भागीदारी निभाएं।