आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के पोषण से खिलवाड़! तितली पंचायत के केंद्र क्रमांक-2 में बच्चों को परोसी जा रही मध्यान भोजन (रुचिकर खाना) की जगह घटिया खिचड़ी, जिम्मेदार अधिकारी मौन क्यों?

0 2,273

सीधी!सिहावल में सरकारी पोषण व्यवस्था पर गंभीर सवाल: ग्राउंड जीरो पर दोपहर 1 बजे मीडिया को भोजन में सिर्फ हल्दी वाली खिचड़ी दिखाई दी, दाल की मात्रा भी बेहद कम होने का आरोप; सुपरवाइजर से लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर उठे सवाल।

 

सीधी/सिहावल। सरकार एक ओर बच्चों को कुपोषण से बचाने, उनके बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए करोड़ों रुपये खर्च करने के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां करती नजर आ रही है। जनपद पंचायत सिहावल क्षेत्र की ग्राम पंचायत तितली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

दोपहर 1 बजे ग्राउंड जीरो पर दिखी भोजन की हकीकत!

 

मीडिया साथियों के अनुसार, जब दोपहर करीब 1 बजे ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर भोजन व्यवस्था का जायजा लिया गया, तो बच्चों के लिए सिर्फ खिचड़ी दिखाई दी। आरोप है कि खिचड़ी में चावल के साथ हल्दी डालकर उसे पीला किया गया था और दाल की मात्रा भी बेहद कम नजर आई। सवाल यह है कि क्या इसी गुणवत्ता का भोजन बच्चों को पोषण देने के नाम पर परोसा जा रहा है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों ने कभी स्वयं भोजन की गुणवत्ता और मात्रा की निष्पक्ष जांच की है?

 

सुपरवाइजर से लेकर अधिकारियों तक जवाबदेही तय क्यों नहीं?

 

इस पूरे मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग के सुपरवाइजर, परियोजना स्तर के अधिकारियों, समूह संचालक और भोजन व्यवस्था की निगरानी करने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। यदि बच्चों को निर्धारित गुणवत्ता और मात्रा के अनुरूप भोजन नहीं मिल रहा है, तो संबंधित समूह के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? आखिर किसकी शह पर ऐसी लापरवाही जारी है?

 

शिकायत करने पर दूसरे केंद्र का फोन, जांच व्यवस्था पर भी सवाल

 

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जब सुपरवाइजर के समक्ष भोजन व्यवस्था को लेकर शिकायत की गई, तो उन्होंने दूसरे आंगनबाड़ी केंद्र पर फोन कर दिया। इससे शिकायत के वास्तविक निराकरण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

स्थानीय स्तर पर यह शिकायत भी सामने आ रही है कि सुपरवाइजर जब जांच के लिए पहुंचते हैं, तो अलग-अलग आंगनबाड़ी केंद्रों का मौके पर निरीक्षण करने के बजाय कई केंद्रों को एक ही स्थान पर बुलाकर जांच की औपचारिकता पूरी कर दी जाती है। यदि ऐसा हो रहा है तो यह विभागीय निगरानी व्यवस्था की गंभीर कमजोरी है। इसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

 

पोषण आहार वितरण योजना पर भी उठे सवाल

 

सरकार द्वारा बच्चों और हितग्राहियों के लिए पोषण आहार वितरण की व्यवस्था में बदलाव के बाद पैकेट के माध्यम से पोषण आहार उपलब्ध कराने की योजना को लेकर भी शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि संबंधित हितग्राहियों तक पैकेट नियमित रूप से नहीं पहुंच रहे हैं। यदि योजना कागजों पर संचालित हो रही है और पात्र बच्चों तक इसका लाभ नहीं पहुंच रहा, तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी?

 

गरीब बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं!

 

सबसे बड़ा सवाल उन गरीब परिवारों के बच्चों का है, जिनके बेहतर स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी सरकारी व्यवस्था पर है। कुपोषण के खिलाफ अभियान चलाने वाली सरकार की योजनाएं यदि जमीनी स्तर पर गुणवत्ताहीन भोजन और लापरवाही की भेंट चढ़ रही हैं, तो यह बेहद गंभीर विषय है।

 

अब प्रशासन से सीधे सवाल—

 

1. क्या तितली आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच होगी?

2. क्या भोजन की मात्रा और निर्धारित मीनू का रिकॉर्ड खंगाला जाएगा?

3. क्या समूह संचालक और जिम्मेदार कर्मचारियों की जवाबदेही तय होगी?

4. क्या सुपरवाइजर की जांच प्रक्रिया और कार्यप्रणाली की भी समीक्षा होगी?

5. क्या पैकेट वाले पोषण आहार के वितरण की वास्तविक स्थिति की जांच की जाएगी?

 

कलेक्टर और महिला एवं बाल विकास विभाग से कार्रवाई की मांग

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन, कलेक्टर सीधी और महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग है कि तितली ग्राम पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 का औचक निरीक्षण कराया जाए। भोजन की गुणवत्ता, मात्रा, मीनू, स्टॉक रजिस्टर, वितरण रिकॉर्ड और समूह की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में अनियमितता प्रमाणित होती है तो संबंधित समूह संचालक और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

 

क्योंकि सवाल किसी एक खिचड़ी का नहीं, बल्कि उन मासूम बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य का है, जिनके पोषण के नाम पर सरकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं। आखिर कब जागेगा विभाग और कब मिलेगी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण की गारंटी?

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment