सिरकट्टी आश्रम में गोपाष्टमी पर ‘गौमाता राष्ट्र माता ‘ का शंखनाद – डॉ मुन्नालाल देवदास 

गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा ने गुरुकुल छात्रों को दिया सफलता का मूलमंत्र  

0 21

 

छत्तीसगढ़/ गरियाबंद –

चतुर्भुज धाम सिरकट्टी आश्रम में आवासीय गुरुकुल विद्यालय एवं मम् राजीवलोचन जिला मानस संघ गरियाबंद के संयुक्त तत्वावधान में गोपाष्टमी पर्व एवं दीपावली मिलन समारोह जिलाधीश रणबीर शर्मा के मुख्य आतिथ्य तथा भगवताचार्य संत गोवर्धन शरण व्यास की अध्यक्षता में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

 

कार्यक्रम का विवरण:

 

*प्रथम सत्र – गौमाता राष्ट्र माता अभियान*

आवासीय गुरुकुल विद्यालय के उपाध्यक्ष एवं मम् राजीवलोचन जिला मानस संघ के संस्थापक, राष्ट्रपति व राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षाविद डॉ. मुन्नालाल देवदास ने बताया कि समारोह के प्रथम सत्र में गौ सेवा सम्मान अभियान के प्रदेश प्रभारी कृष्णा जी महाराज ने गौमाता को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

 

उन्होंने आह्वान किया कि 17 दिसम्बर 2026 को रायपुर में आयोजित होने वाले विशाल गौमाता सेवा सम्मान समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अभियान को सफल बनाएं। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रचारक शिवलाल जी सहित मानस संघ के पदाधिकारियों व आमंत्रित अतिथियों ने भी संबोधित किया।

 

तत्पश्चात गोपाष्टमी की लोक परंपरा अनुसार आश्रम की 350 से अधिक गौमाताओं का पूजन-अर्चन किया गया। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर भोजन प्रसादी ग्रहण की।

 

*द्वितीय सत्र – कलेक्टर का उद्बोधन एवं अवलोकन*

मुख्य अतिथि जिलाधीश रणबीर शर्मा ने आश्रम में संचालित आवासीय गुरुकुल विद्यालय, भव्य श्रीराम जानकी मंदिर एवं गौशाला का अवलोकन किया। व्यवस्था देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।

 

कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा, “यह गुरुकुल विद्यालय प्राचीन एवं आधुनिक शिक्षा का संगम केंद्र है। यहां विद्यार्थियों को धार्मिक-नैतिक शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षा भी दी जा रही है।” उन्होंने छात्रों से संवाद कर कई प्रश्न पूछे और उन्हें सफलता के मूलमंत्र दिए।

 

गुरुकुल के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सभी अतिथियों का सम्मान किया गया।

 

संत गोवर्धन शरण व्यास ने गोपाष्टमी का महत्व बताते हुए कहा कि “गौमाता विश्व की माता है, इसलिए गौमाता को राष्ट्रमाता बनाने के अभियान में बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए।”

 

*गरिमामय उपस्थिति*:

कार्यक्रम में गुरुकुल विद्यालय व्यवस्थापक भुवनेश्वर साहू, जिला साहू समाज अध्यक्ष प्रवीण साहू, राजिम भक्तिन माता मंदिर समिति अध्यक्ष लालाराम साहू, जिला मानस संघ अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर, महिला प्रकोष्ठ से तरुणा पांडे, कोषाध्यक्ष डोमार साहू, फिंगेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष नंदकुमार यादव, लोकराम साहू सहित पंच-सरपंच, जनपद एवं जिला पंचायत प्रतिनिधि तथा विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में आश्रम के संतगण, गुरुकुल के आचार्य-विद्यार्थी एवं जिला मानस संघ के कार्यकर्ता सावन कुमार ध्रुव, खिलावन साहू, गंगा मोंगरे, संतराम शरण, लोकराम साहू आदि का विशेष योगदान रहा। संचालन संघ के महासचिव विरेन्द्र सिंह ठाकुर एवं सहसचिव आनंद साहू ने किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment