सीधी जिले के हनुमानगढ़ में मिनी स्टेडियम की मांग को लेकर युवाओं ने उठाई आवाज

सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा को सौंपा ज्ञापन, अधिकारियों को जमीन चिह्नित कर निर्माण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश

0 2,151

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी

सीधी जिले के रामपुर नैकिन जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत हनुमानगढ़ में शनिवार को आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान क्षेत्र के युवाओं ने मिनी स्टेडियम निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। इस संबंध में युवाओं ने कलेक्टर विकास मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर गांव में खेल मैदान उपलब्ध कराने की मांग की।

 

युवाओं का कहना है कि हनुमानगढ़ क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन अभ्यास और खेल गतिविधियों के लिए पर्याप्त मैदान उपलब्ध नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से क्षेत्र में मिनी स्टेडियम निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है।

 

कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश

 

युवाओं से ज्ञापन प्राप्त करते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि उन्हें इस मांग की पहले से जानकारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उपयुक्त स्थान पर जमीन चिह्नित कर जल्द से जल्द खेल मैदान निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

 

30 से 35 गांवों के युवा जुड़े हैं इस क्षेत्र से

 

गांव के प्रियंजीव पांडे ने बताया कि हनुमानगढ़ सीधी जिले के बड़े गांवों में शामिल है। यहां उपतहसील भी संचालित है। आसपास के करीब 30 से 35 गांव इस क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। इन गांवों के बच्चे और युवा लंबे समय से स्टेडियम की मांग कर रहे हैं, लेकिन खेल मैदान की सुविधा नहीं मिलने से खिलाड़ियों को अभ्यास करने में कठिनाई होती है।

 

युवाओं का मानना है कि यदि क्षेत्र में मिनी स्टेडियम का निर्माण हो जाता है तो आसपास के गांवों के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा।

 

शिविर में अन्य शिकायतों की भी हुई समीक्षा

 

जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों सहित अन्य आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

 

युवाओं को प्रशासन की पहल से जगी उम्मीद

 

मिनी स्टेडियम की मांग को लेकर लंबे समय से प्रयास कर रहे युवाओं को कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों से उम्मीद जगी है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। युवाओं को विश्वास है कि जमीन चिह्नित होने और निर्माण प्रक्रिया शुरू होने से हनुमानगढ़ सहित आसपास के 30 से 35 गांवों के खिलाड़ियों को खेल सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

 

क्षेत्र के युवाओं की मांग है कि मिनी स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता निखारने का अवसर मिल सके।

 

|

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment