सीधी में एक स्वर, एक संकल्प, एक राष्ट्र, राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम, 162 विद्यार्थियों ने एक स्वर में किया संपूर्ण वंदे मातरम् का गायन

रिपोर्ट-नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा,प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी।
सीधी-राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर संस्कार भारती सीधी द्वारा रमा बलदेव पैलेस में भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया।इस अवसर पर 35 विद्यालयों के 162 विद्यार्थियों ने एक साथ संपूर्ण वंदे मातरम् का लयबद्ध एवं सस्वर सामूहिक गायन कर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का अनुपम संदेश दिया। विद्यार्थियों की एकजुट आवाज से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम में चार चांद लगे मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रीति पाठक की उपस्थित से,जबकि अध्यक्षता इंद्रशरण सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. रामलला शुक्ला, केंद्रीय विद्यालय सीधी के प्राचार्य एम.के. मिश्रा एवं यूनियन बैंक प्रीमियम शाखा के प्रबंधक अमित कुमार उपस्थित रहे। स्वागत समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता आशुतोष गुप्ता एवं महामंत्री राम सिंह तोमर सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक भी आयोजन में सहभागी बने।
विधायक रीति पाठक ने सामूहिक राष्ट्रगीत गायन में शामिल सभी 162 विद्यार्थियों तथा प्रत्येक विद्यालय से एक शिक्षक को सम्मानित किया। इस अवसर पर साहित्यकार एवं राष्ट्रीय चेतना के संवाहक मैथिली शरण गुप्त तथा माखनलाल चतुर्वेदी पर पुस्तकों के लेखक सेवानिवृत शिक्षक डॉ शास्त्री प्रसाद मिश्र का सम्मान भी समारोह का विशेष आकर्षण रहा। राष्ट्रपति एवं राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शैलेन्द्र प्रताप सिंह, अजिता द्विवेदी और राकेश द्विवेदी को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में ज्ञानस्थली इंटरनेशनल स्कूल, ज्योत्सना पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल एवं ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। संपूर्ण वंदे मातरम् के सामूहिक गायन का उत्कृष्ट निर्देशन उत्कर्ष विद्यालय की छात्राओं दृष्टि तिवारी एवं दिव्या द्विवेदी ने किया। शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को और गरिमामय बनाया।आयोजन में संस्कार भारती के अध्यक्ष हीरालाल सिंह चंदेल, संयोजक डॉ. हरिविलास गुप्त, विभाग संयोजक सुभाष चंद्र मिश्रा, महामंत्री राजेश सिंह गहरवार सहित साहित्यिक संस्थाओं के प्रमुख पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नई पीढ़ी में राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना जागृत करने वाला यह आयोजन सीधी के लिए यादगार बन गया। 35 विद्यालयों के विद्यार्थियों की एक स्वर में उठी राष्ट्रभक्ति की आवाज ने यह संदेश दिया कि देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय चेतना को आगे बढ़ाने में नई पीढ़ी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।