पिता की हत्या के मामले में पति-पत्नी को आजीवन कारावास, जुर्माना भी लगाया
लोहे की रॉड और डंडे से हमला कर की थी हत्या, अपर सत्र न्यायालय सिहोरा ने सुनाया फैसला
सिहोरा (जबलपुर)। सिहोरा स्थित अपर सत्र न्यायालय ने हत्या के एक गंभीर मामले में दो आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कठोर कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया है। न्यायालय ने आरोपी कच्छेदी गौड़ और उसकी पत्नी मीराबाई गौड़ को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 सहपठित धारा 3(5) के तहत आजीवन कठोर कारावास और 5-5 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। इसके साथ ही धारा 115(2) सहपठित धारा 3(5) के तहत एक-एक वर्ष का कठोर कारावास और एक-एक हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया है।
लोहे की रॉड और डंडे से किया था हमला
विशेष लोक अभियोजक अनिशा खान के अनुसार, घटना 13 अगस्त 2024 की शाम करीब 8 बजे की है। फरियादी राजेश चौधरी के पिता श्यामलाल चौधरी उर्फ सिम्मा बीड़ी लेने के लिए जितेंद्र ठाकुर की दुकान पर गए थे। इसी दौरान आरोपी कच्छेदी गौड़ और उसकी पत्नी मीराबाई ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि कच्छेदी ने लोहे की रॉड और मीराबाई ने डंडे से मारपीट की, जिससे श्यामलाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े।
बचाने पहुंचे परिजनों पर भी हमला
घटना की जानकारी मिलने पर राजेश चौधरी, शंकर और बिट्टीबाई बचाने पहुंचे। इस दौरान कच्छेदी ने लोहे की रॉड से हमला करने का प्रयास किया, जिससे बिट्टीबाई के बाएं हाथ की कलाई में चोट आई। शोर सुनकर मोहल्ले के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। हमले में आई चोटों के कारण श्यामलाल चौधरी की मृत्यु हो गई।
न्यायालय ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा
मामले में अपराध क्रमांक 405/24 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना के बाद अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। अपर सत्र न्यायाधीश संतोष कोल की अदालत ने साक्ष्यों एवं विशेष लोक अभियोजक के तर्कों से सहमत होते हुए दोनों आरोपियों को दोषी करार दिया और आजीवन कठोर कारावास सहित अर्थदंड की सजा सुनाई।
अभियोजन पक्ष की ओर से अनिशा खान ने की पैरवी
इस मामले में उप निदेशक अभियोजन के.एस. मुवेल एवं सहायक निदेशक/जिला अभियोजन अधिकारी संदीप जैन के मार्गदर्शन में विशेष लोक अभियोजक अनिशा खान ने पैरवी की। अनिशा खान विशेष लोक अभियोजक एवं सहायक मीडिया सेल प्रभारी, सिहोरा ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह जानकारी दी।
